दिल्ली मै कब खुलेगी स्कूल
दिल्ली में अभी बंद ही रहेंगे स्कूल, सीएम केजरीवाल ने कहा- बच्चों के साथ कोई 'रिस्क' नहीं लेना चाहते
नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में स्कूल फिलहाल बंद ही रहेंगे। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए दिल्ली सरकार स्कूलों को अभी खोलने के पक्ष में नहीं है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि बच्चों के साथ रिस्क नहीं लिया जा सकता है।
स्कूल खोलने पर पूछे गए सवाल को लेकर सीएम केजरीवाल कहा कि इंटरनेशनल ट्रेंड से दिख रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर आएगी। ऐसे में जब तक वैक्सीनेशन प्रोसेस पूरा नहीं हो जाता है, तब तक हम बच्चों के साथ रिस्क नहीं लेना चाहते हैं।
दिल्ली में गुरुवार को कोरोना के 72 नए मामले सामने आए। पिछले 24 घंटों में महामारी से एक मरीज ने जान गंवाई। राजधानी में अब एक्टिव केस 700 से कम रह गए हैं। बुधवार को यहां 77 नए मामले सामने आए थे। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
देश में कोरोना की दूसरी लहर ठंडी पड़ने के साथ देश के तमाम राज्यों ने अपने-अपने यहां बंदिशों में भी ढील देनी शुरू की है। इसी कड़ी में कई ने स्कूलों को खोलने की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। इन राज्यों में हरियाणा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश सहित बहुतेरे राज्य शामिल हैं। वहीं, तमाम ने इसे लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया है। वे जल्द ही इस दिशा में निर्णय लेने वाले हैं।
कोरोना की तीसरी लहर को लेकर चिंता
कोरोना की तीसरी लहर को लेकर केंद्र सरकार भी लोगों को आगाह करती आई है। उसने कहा है कि लोगों को अभी कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर (कोरोना सम्मत व्यवहार) बनाए रखना है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अब तक मिली सफलता पर पानी फेर देगी। कोरोना की बंदिशों में ढील के बाद हिल स्टेशनों और बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिली थी। यहां न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा था न ही लोग मास्क लगा रहे थे। सरकार ने लोगों के इस तरह के बिहेवियर पर चिंता जताई थी। साथ ही यह भी कहा था कि अगर उन्होंने यह रवैया नहीं बदला तो बंदिशों में दी गई ढील वापस ले ली जाएगी।

0 टिप्पणियाँ